रांची में ब्राउन शुगर के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, 5 लाख की ड्रग्स बरामद; 20 हजार कैश और मोबाइल भी मिला
रांची: नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने महिला के पास से एक मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को वरीय अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर रांची आ रही है। उसके बरियातु क्षेत्र के जुमार पुल बस स्टैंड के पास उतरने की सूचना थी। सूचना के आधार पर सदर डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम जुमार पुल बस स्टैंड के पास पहुंची और महिला के आने का इंतजार करने लगी। दोपहर करीब 3:10 बजे पुलिस को जुमार पुल के पास एक महिला ऑटो में अकेली बैठी दिखाई दी। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर महिला घबरा गई और ऑटो से उतरकर भागने की कोशिश करने लगी। हालांकि, छापेमारी टीम में शामिल महिला चौकीदार की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में महिला की पहचान मुन्नी देवी, सदर थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके हैंडबैग से प्लास्टिक पाउच में छिपाकर रखा गया 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से आई-टेल कंपनी का काला की-पैड मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद भी बरामद किए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महिला ने रांची के अलग-अलग चौक-चौराहों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला को नशीले पदार्थ की सप्लाई कौन करता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सदर थाना में 2024 और 2025 में मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 के मामले में NDPS एक्ट की धाराएं भी शामिल थीं। गिरफ्तार महिला को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस अब ब्राउन शुगर की सप्लाई, खरीद-बिक्री और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।जुमार पुल के पास पकड़ी गई महिला
रांची में ब्राउन शुगर बेचने की बात कबूली
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले















