धनबाद: चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में पिछले एक महीने से जारी पेयजल संकट को लेकर सोमवार को दर्जनों महिला-पुरुषों का आक्रोश फूट पड़ा। पानी की समस्या से परेशान लोगों ने नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया और हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों का कहना था कि पिछले करीब एक महीने से कई घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि घरों में पानी नहीं पहुंच रहा, लेकिन विभाग की ओर से नियमित रूप से पानी का बिल भेजा जा रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेयजल संकट की जानकारी नगर परिषद के अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। अधिकारियों की कथित उदासीनता से नाराज लोगों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पाइप क्षतिग्रस्त होने से बनी समस्या

नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी और कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि मैथन रोड स्थित शंकर टॉकीज के समीप पुल निर्माण कार्य के दौरान पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त हो गया था। पाइप की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन दोबारा पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को पाइपलाइन को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद पेयजल आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।