साहिबगंज: राजमहल शहर स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय परिसर में चार नए क्लासरूम के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन क्लासरूम का शिलान्यास किया।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के माध्यम से करीब 36 लाख रुपये की लागत से चार कमरों वाले क्लासरूम का निर्माण कराया जाएगा। नए कमरों के निर्माण से विद्यालय में छात्राओं के लिए कक्षा संचालन की व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

शिलान्यास के बाद विधायक ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक ने सुरक्षा के मद्देनजर ग्राउंड फ्लोर के बाहरी हिस्से की खिड़कियों में जाली लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की अन्य जरूरतों को लेकर जल्द ही विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित कर विकास कार्यों की दिशा में पहल की जाएगी।

मुख्य द्वार और चारदीवारी की मांग

विद्यालय की प्राचार्य रीमा पाठक ने विधायक के समक्ष विद्यालय के लिए मुख्य द्वार और चारदीवारी निर्माण की मांग रखी। विधायक ने इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया और विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुसार आगे पहल करने की बात कही।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, प्राचार्य रीमा पाठक, प्रबंधन समिति अध्यक्ष मनोज कुमार यादव, जितेन्द्र यादव, रतन राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।