गुमला में अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 4 ट्रैक्टर जब्त
गुमला: जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को प्रशासन की टीम ने अलग-अलग मार्गों पर छापेमारी और जांच अभियान चलाकर अवैध बालू लदे 4 ट्रैक्टर जब्त किए। प्रारंभिक जांच में चारों वाहनों पर करीब 360 सीएफटी बालू लदा पाया गया। यह कार्रवाई 24 अगस्त को हुई जिला टास्क फोर्स (खनन) की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश और मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। अनुमंडल पदाधिकारी-सह-दंडाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने सिसई रोड, जशपुर रोड और पालकोट रोड पर जांच की। सिसई रोड स्थित पुरू करमडीपा के पास दो ट्रैक्टरों को अवैध बालू का परिवहन करते पकड़ा गया। प्रशासनिक टीम को देखते ही चालकों ने वाहनों को इधर-उधर भगाने का प्रयास किया। जांच में दोनों चालकों के पास बालू परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर गुमला थाना में सुरक्षित अभिरक्षा में भेज दिया गया। जशपुर रोड पर जांच के दौरान एक सोनालिका ट्रैक्टर को अवैध बालू परिवहन करते पकड़ा गया। चालक के पास जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर वाहन जब्त कर गुमला थाना को सौंप दिया गया। वहीं, पालकोट रोड स्थित मरदा नदी के पास एक महिंद्रा ट्रैक्टर से अवैध बालू खनिज का उठाव किया जा रहा था। प्रशासन ने वाहन को जब्त कर गुमला थाना के उर्मी पिकेट में सुरक्षित अभिरक्षा में भेज दिया। प्रशासन के अनुसार जब्त वाहनों के चालक और वाहन स्वामियों के खिलाफ खनन नियमों के तहत अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।प्रशासनिक वाहन देखकर भागने की कोशिश
जशपुर और पालकोट रोड पर भी कार्रवाई
वाहन मालिकों पर भी होगी कार्रवाई














