चाईबासा-गोइलकेरा मार्ग पर अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त, वृद्ध समेत दो घायल
चाईबासा: चाईबासा-गोइलकेरा मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम करीब 7 बजे गोटांबा के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान बराईवीर निवासी 50 वर्षीय बुधराम गोप और 30 वर्षीय अमीन सोय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों गोइलकेरा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोटांबा के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सोनुआ अस्पताल पहुंचाया गया। सोनुआ अस्पताल में दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। बुधराम गोप के पैर में गंभीर चोट को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मनोहरपुर विधानसभा के आजसू पार्टी के पूर्व प्रत्याशी डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई ने सोनुआ में 108 एंबुलेंस सेवा की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सोनुआ में 108 एंबुलेंस खड़ी है, लेकिन जरूरतमंदों को समय पर सेवा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार ग्रामीणों के लिए एंबुलेंस सेवा उपलब्ध करा रही है, तो जरूरत के समय लोगों को इसका लाभ क्यों नहीं मिल रहा।














