पोटका: बादामपहाड़-पुरी एक्सप्रेस के हल्दीपोखर और सीदीरसाई रेलवे स्टेशनों पर ठहराव की मांग को लेकर मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने हल्दीपोखर में धरना-प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में पोटका विधायक संजीव सरदार भी शामिल हुए। उन्होंने रेलवे से चार नवंबर को ट्रेन का परिचालन शुरू होने से पहले दोनों स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।

तीन लाख की आबादी होगी प्रभावित

धरना को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि बादामपहाड़ से पुरी धाम तक एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है, लेकिन हल्दीपोखर और सीदीरसाई में ट्रेन का ठहराव नहीं दिया जाना स्थानीय लोगों के लिए निराशाजनक है।

उन्होंने कहा कि दोनों स्टेशनों पर ठहराव नहीं होने से आसपास के करीब तीन लाख लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी। यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए लगभग 20 किलोमीटर दूर टाटानगर या करीब 50 किलोमीटर दूर रायरंगपुर जाना होगा।

इलाज और धार्मिक यात्रा करने वालों को होगी परेशानी

विधायक ने कहा कि इस इलाके से बड़ी संख्या में लोग इलाज, रोजगार और धार्मिक यात्रा के सिलसिले में पुरी सहित दूसरे शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में हल्दीपोखर और सीदीरसाई में ट्रेन का ठहराव यात्रियों की सुविधा के लिहाज से बेहद जरूरी है।

उन्होंने रेलवे प्रशासन से आग्रह किया कि चार नवंबर से प्रस्तावित परिचालन शुरू होने से पहले ही दोनों स्टेशनों पर ठहराव की व्यवस्था की जाए, ताकि स्थानीय आबादी को इस रेल सेवा का वास्तविक लाभ मिल सके।

डीआरएम से दिल्ली तक आंदोलन की चेतावनी

संजीव सरदार ने स्पष्ट किया कि इस मांग को लेकर रेलवे के अधिकारियों के समक्ष आवाज उठाई जाएगी। मांग पूरी नहीं होने पर डीआरएम से लेकर दिल्ली तक आंदोलन किया जाएगा। धरना में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने दोनों स्टेशनों पर ट्रेन के ठहराव को क्षेत्र की जरूरी मांग बताया।