अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पार कर रहे युवक को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग पर टाटा-हाता मार्ग जाम
पोटका: पोटका थाना क्षेत्र के हाता में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पार करने के दौरान अनियंत्रित ट्रक ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के उरुगुटू निवासी सुमन मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुमन मंडल मुर्गा वाहन में खलासी का काम करता था। रविवार सुबह मुर्गा खाली कराने के बाद वाहन को वॉशिंग सेंटर में खड़ा किया गया था। इसके बाद सुमन नाश्ता करने के लिए सड़क किनारे जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर टाटा-हाता मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्री बसों को भी रूट बदलकर चलाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना में शामिल ट्रक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
मौके पर पहुंची पुलिस















