उद्घाटन के इंतजार में जर्जर हुआ मधुपुर का स्टेडियम, खिलाड़ियों की जगह असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
मधुपुर: शहर के पत्थर चपटी स्थित स्टेडियम अपनी बदहाली को लेकर इन दिनों चर्चा में है। स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से दशकों पहले इस स्टेडियम का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण के बाद से अब तक इसका विधिवत उद्घाटन नहीं हो सका है। उद्घाटन नहीं होने और नियमित उपयोग के अभाव में स्टेडियम परिसर धीरे-धीरे जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। जिस मैदान और परिसर में खिलाड़ियों की चहल-पहल होनी चाहिए, वहां अब असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत सामने आ रही है। खेल प्रेमी मो. मुमताज ने बताया कि शाम ढलने के बाद स्टेडियम परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। इससे आसपास के लोगों और खेल प्रेमियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से स्टेडियम का उपयोग नहीं होने के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत और उचित देखरेख नहीं की गई तो खेल सुविधा के लिए बनाया गया यह परिसर और अधिक जर्जर हो सकता है। स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि मधुपुर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यदि स्टेडियम को दुरुस्त कर खिलाड़ियों के लिए खोला जाए तो स्थानीय युवाओं को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधा मिल सकती है। लोगों ने प्रशासन से स्टेडियम की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक मरम्मत कराने, नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने और जल्द से जल्द इसका विधिवत उद्घाटन कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों की उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले में पहल करेगा और वर्षों से उद्घाटन की बाट जोह रहे स्टेडियम को खिलाड़ियों के लिए उपयोगी बनाया जाएगा।शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद















