पोटका: पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत खैरबानी पंचायत के खैरबानी गांव के टोला जानुमटांडी में गुडराघाटी नदी पर पुलिया निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने नदी किनारे प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द पुलिया निर्माण कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में उनकी परेशानी काफी बढ़ जाती है। नदी का जलस्तर बढ़ते ही आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। कई बार ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर पैदल नदी पार करना पड़ता है।

स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी

पुलिया नहीं होने का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, नदी का जलस्तर बढ़ने पर अभिभावक अपने बच्चों को गोद और कंधे पर उठाकर नदी पार कराने को मजबूर होते हैं। जलस्तर अधिक होने पर कई बार बच्चे स्कूल भी नहीं जा पाते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।

वहीं, किसी ग्रामीण के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है। नदी में पानी अधिक होने की स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज के लिए ले जाना मुश्किल हो जाता है।

लंबे समय से पुलिया निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने बताया कि गुडराघाटी नदी पर पुलिया निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस संबंध में कई बार मुखिया, विधायक और सांसद समेत जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई है। प्रशासन को भी लिखित आवेदन देकर पुल निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी मांग वर्षों से कागजों तक सीमित है और धरातल पर पुलिया निर्माण को लेकर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हर साल बरसात के मौसम में उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से गुडराघाटी नदी पर जल्द पुलिया निर्माण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों से राहत मिल सके।

बाइट: ग्रामीण

स्पेशल रेपोर्ट्स