निरसा की रिद्धि सिद्धि स्पंज फैक्ट्री में बड़ा हादसा टला, बॉयलर का छींटा लगने से मजदूर घायल
धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र के कंचनडीह स्थित रिद्धि सिद्धि स्पंज आयरन फैक्ट्री में बीती रात करीब 1 बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फैक्ट्री के शीशिया यूनिट में आयरन पिघलाने के दौरान अचानक बॉयलर का छींटा पड़ने से वहां काम कर रहा मजदूर धीरज सिंह घायल हो गया। बताया गया कि बॉयलर से निकले गर्म पदार्थ के छींटे पड़ने से धीरज सिंह के दोनों हाथ झुलस गए। इसमें उनका दाहिना हाथ अधिक प्रभावित हुआ है। घटना के तुरंत बाद फैक्ट्री में मौजूद साथी मजदूरों ने घायल धीरज सिंह को गोविंदपुर स्थित ओम साईं अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल मजदूर धीरज सिंह गोविंदपुर के रहने वाले हैं, जबकि उनका पुश्तैनी घर बिहार में है। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब आठ वर्षों से इसी फैक्ट्री में काम कर रहे हैं और इससे पहले उनके साथ इस तरह की घटना नहीं हुई थी। धीरज सिंह के अनुसार, आयरन पिघलाने के दौरान अचानक बॉयलर का छींटा लगने से हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाता है और कर्मचारियों को जरूरी सुविधाएं भी दी जाती हैं। घटना के बाद कंपनी के मजदूर साथियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घायल मजदूर के अनुसार, कंपनी मालिक की ओर से उनके इलाज और क्षतिपूर्ति का आश्वासन दिया गया है। वहीं, फैक्ट्री प्रबंधन ने कहा कि मजदूर का पूरा इलाज कराया जाएगा। घटना के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।साथी मजदूरों ने अस्पताल में कराया भर्ती
कंपनी ने इलाज और क्षतिपूर्ति का दिया आश्वासन















