मेदिनीनगर:  पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पांकी रोड, रेड़मा स्थित श्रीराम पथ में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 30 लाख रुपये के जेवरात और 75 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

बताया गया कि घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य एसआईआर के कार्य के सिलसिले में श्रम नियोजन कार्यालय गए हुए थे। इसी दौरान करीब सुबह साढ़े 11 बजे के बाद चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

भुक्तभोगी उतिमा कुमारी, पत्नी रविंद्र यादव के अनुसार, चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति और एक बाइक दिखाई दे रही है। परिवार ने पुलिस से फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

परिवार का कहना है कि मामले को लेकर उन्होंने पलामू के पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, एफआईआर अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किए जाने को लेकर भी परिवार की ओर से सवाल उठाए गए हैं।

इधर, पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक का नंबर फर्जी पाया गया है। स्थानीय लोगों ने वाहन के इंजन और चेसिस नंबर की भी जांच कराने की मांग की है, ताकि बाइक और उससे जुड़े लोगों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि संदिग्धों की पहचान कर जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा किया जाए और चोरी गए सामान की बरामदगी की जा सके।