सरायकेला:  सरायकेला प्रखंड के गोविंदपुर गांव में करीब 48 घंटे से जारी बिजली संकट का समाधान हो गया। 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप थी। उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

बिजली संकट की जानकारी मिलने के बाद झामुमो केंद्रीय सदस्य एवं नेता गणेश माहली ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर गांव की स्थिति से अवगत कराया और खराब ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने की मांग की।

गणेश माहली की पहल के बाद विद्युत विभाग की ओर से महज एक दिन के भीतर गोविंदपुर के लिए नया 25 केवीए ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध करा दिया गया। इसके बाद गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हुई और ग्रामीणों में राहत व खुशी का माहौल देखने को मिला।

ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो दिनों तक बिजली बाधित रहने से दैनिक कामकाज के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। भीषण गर्मी और उमस के बीच बुजुर्गों, बच्चों और अन्य ग्रामीणों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। नया ट्रांसफॉर्मर मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

इस मौके पर गणेश माहली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को संबंधित विभाग और प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।

नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध होने पर ग्रामीणों ने गणेश माहली के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जिस तेजी से पहल की गई, उससे बिजली संकट का जल्द समाधान संभव हुआ।

मौके पर झामुमो नेता अजय नंदी, राजेन मुर्मू, सुनील महतो, रति नायक और पेटू नायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।