करमाटांड़ में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ के आरोप, VHP ने SP को सौंपा ज्ञापन; दोषियों पर कार्रवाई की मांग
जामताड़ा: करमाटांड़ थाना क्षेत्र में 22 अगस्त की शाम धार्मिक स्थल के समीप कथित तोड़फोड़ और उपद्रव की घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। VHP के जिला अध्यक्ष अनूप राय और जिला मंत्री संजय परशुरामका ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए पीड़ित हिंदू परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की। VHP के आवेदन के अनुसार, 22 अगस्त की शाम करीब छह बजे करमाटांड़ थाना क्षेत्र के एक गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और हनुमान मंदिर में प्रवेश करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान मंदिर में लगी घंटी और मोटर पंप को उखाड़कर ले जाने तथा कुएं की दीवार तोड़ने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों के विरोध करने पर धार्मिक नारे लगाने, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और पथराव करने के भी आरोप लगाए गए हैं। VHP के अनुसार, पथराव में कुछ लोग घायल हुए। साथ ही एक महिला का पर्स छीनने का आरोप है, जिसमें आधार कार्ड के साथ करीब 9,500 रुपये होने की बात कही गई है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ लोगों ने पुलिस के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किया। VHP जिला अध्यक्ष अनूप राय ने कहा कि घटना के बाद ग्रामीणों में भय और तनाव का माहौल है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा देने की मांग की। वहीं, VHP जिला मंत्री संजय परशुरामका ने कहा कि कांड संख्या 63/2026 के पर्यवेक्षण के दौरान भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 एवं 299 के प्रावधानों को भी शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही से क्षेत्र की स्थिति बिगड़ सकती है। VHP नेताओं ने कहा कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। नेताओं ने एसपी से मामले में उच्चस्तरीय हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। VHP के अनुसार, घटना को लेकर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 63/2026 दर्ज है। ज्ञापन सौंपने के दौरान राकेश पाल, भाजपा नेता बालमुकुंद रविदास, प्रवीण आनंद उर्फ डब्लू समेत अन्य लोग मौजूद थे।मंदिर में तोड़फोड़ का आरोप
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
आंदोलन की चेतावनी















