पाकुड़: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पाकुड़ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन जीवन’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने पाकुड़िया और महेशपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के ठिकानों से कुल 2 किलो 865 ग्राम गांजा समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, पाकुड़िया थाना कांड संख्या 60/26 के आरोपी पारू अंसारी उर्फ पाड़ु अंसारी उर्फ हुसैन अंसारी को मोंगलाबांध स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से अलग-अलग पैकेटों में रखा 2.165 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने 70 पीस मिट्टी के चिलम, दो मोटरसाइकिल होंडा यूनिकॉर्न और एफजेड, एक पीतल का तराजू व बटखारा, एक वीवो मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री भी जब्त की है।वहीं, महेशपुर थाना कांड संख्या 134/26 के अभियुक्त पिंटु शेख, निवासी बड़कियारी हटियापाड़ा, के घर पर भी पुलिस ने छापेमारी की। यहां से 700 ग्राम गांजा और एक ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।

19 अप्रैल से चल रहा है ‘ऑपरेशन जीवन’

पुलिस के अनुसार, जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से 19 अप्रैल 2026 से ‘ऑपरेशन जीवन’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 9 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने नवीन जब्ती सहित कुल 83.30 ग्राम ब्राउन शुगर और 2.246 किलोग्राम गांजा बरामद करने की जानकारी दी है। अभियान के तहत अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने दोनों ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सहयोगियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आगे भी छापेमारी और कार्रवाई जारी रहेगी।