गिरिडीह चरकमारा जंगल दो युवकों का अपहरण फिरौती मांगने का खुलासा दो आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह: गांडेय थाना क्षेत्र के चरकमारा जंगल के समीप से दो युवकों के अपहरण और उन्हें छोड़ने के एवज में फिरौती मांगने के मामले का गिरिडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दोनों अपहृत युवकों को सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं, मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों युवकों के परिजनों ने राहत की सांस ली है।मामले की जानकारी सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने गुरुवार को प्रेसवार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि चरकमारा निवासी मोहन दास के भाई धर्मवीर कुमार दास और तेजो रविदास के पुत्र नीतिश कुमार दास का कुछ अपराधियों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया था। दोनों को अपने कब्जे में रखने के बाद आरोपियों द्वारा उन्हें छोड़ने के एवज में फिरौती की मांग की जा रही थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम को दोनों युवकों की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरसिंह रायडीह गांव स्थित उसरी नदी के श्मशान घाट के समीप संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली।सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दोनों अपहृत युवकों को सकुशल बरामद कर लिया गया।पुलिस ने मौके से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डाड़ीडीह निवासी मोहम्मद रिजवान अंसारी और मोहम्मद अफसर अंसारी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों और अपहरण के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, जेएसए कंपनी का नीला ई-रिक्शा संख्या JH 11 AM 8684 और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। सभी सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।पुलिस मोबाइल फोन और अन्य बरामद साक्ष्यों की जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे और अपहरण की पूरी साजिश किस तरह रची गई थी। मामले को लेकर गांडेय थाना कांड संख्या 45/26, दिनांक 13 अगस्त 2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 127(2), 140(1) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों युवकों की सुरक्षित बरामदगी हो गई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।उसरी नदी के श्मशान घाट के पास से बरामदगी
दो बाइक, ई-रिक्शा और मोबाइल बरामद
बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज














