देवघर श्रावणी मेला 14 दिनों में 28 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण
देवघर: मासव्यापी श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पिछले 14 दिनों में 28 लाख 33 हजार 634 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण किया। इसमें बाहरी और भीतरी अर्घा के माध्यम से जलार्पण करने वाले श्रद्धालु भी शामिल हैं।गुरुवार को मीडिया सेंटर में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने श्रावणी मेला से जुड़े पिछले एक सप्ताह का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस दौरान मेले में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों की तैयारियों की जानकारी दी गई। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विभिन्न मदों से अब तक 3 करोड़ 55 लाख 39 हजार 889 रुपये की आय हुई है।वहीं, परिवहन विभाग को अन्य राज्यों में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों से राज्य प्रवेश शुल्क के रूप में 38 लाख 77 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं। पेड़ा, सिंदूर समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से संबंधित मदों में 2 करोड़ 3 लाख 71 हजार रुपये की प्राप्ति हुई है।इसके अलावा अस्थायी विद्युत कनेक्शन से 55 लाख 29 हजार 810 रुपये की आय हुई है। वहीं देवघर नगर निगम को अंतरराज्यीय बस पड़ाव, शौचालय समेत विभिन्न मदों से 2 करोड़ 59 लाख 36 हजार रुपये की आमदनी हुई है। मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने श्रावणी मेला क्षेत्र में पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान सामने आई कमियों को चिन्हित कर उन्हें दूर किया जा रहा है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था को आवश्यकतानुसार व्यवस्थित किया जा रहा है। श्रावणी मेला के दौरान स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों की ओर से श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई।नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने भी मेला व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों और प्रशासनिक स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेला के शेष दिनों में भी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जाएगा।मंदिर को अब तक 3.55 करोड़ रुपये की आय
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुस्तैद
विभिन्न विभागों ने दी व्यवस्थाओं की जानकारी














