पाकुड़  जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलपहाड़ी गांव स्थित बंद पड़े खदान में मंगलवार को एक युवक के लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के खदान के गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर खोजबीन अभियान चला रही है।

नहाने गया था युवक  नहीं लौटा घर

जानकारी के अनुसार बेलपहाड़ी निवासी स्वर्गीय सुबोध पहाड़िया के 25 वर्षीय पुत्र राम पहाड़िया मंगलवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच बंद पड़े खदान में नहाने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

खदान किनारे मिले कपड़े और साबुन

परिजनों ने खोजबीन के दौरान खदान के पास पहुंचकर देखा कि पानी के किनारे युवक के कपड़े और साबुन पड़े हुए हैं। इसके बाद युवक के खदान में डूब जाने की आशंका गहरा गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

प्रशासन और पुलिस मौके पर

घटना की जानकारी मिलने के बाद विनय कुमार  प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडू तथा अंचलाधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और खोज अभियान शुरू कराया।

गांव में चिंता का माहौल

युवक के लापता होने के बाद पूरे गांव में चिंता और मायूसी का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है  जबकि ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रशासनिक टीम और स्थानीय लोग युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।

फिलहाल समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था और रेस्क्यू अभियान जारी था।