राजधानी रांची के चुटिया स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार  घटना को अंजाम देने वाले हमलावरों द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहन को भी बरामद कर लिया गया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल हुई है।

बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज  तकनीकी सर्विलांस और वाहन संबंधी जानकारी के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान की गई है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और किसी भी समय दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।

गौरतलब है कि मंगलवार देर रात रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित RSS कार्यालय परिसर में ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतलें फेंकी गई थीं। घटना के बाद पुलिस  एफएसएल टीम और तकनीकी सेल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में इसे सुनियोजित साजिश माना जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद RSS कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।