पाकुड़ में नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 30 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक iPhone, 5,320 रुपये नकद और बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार युवक की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के हाथकाठी, छिरकापाड़ा निवासी 21 वर्षीय सूरज कुमार दुबे के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, एसपी को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड में एक व्यक्ति अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दंडाधिकारी के साथ पुलिस टीम मालगोदाम रोड पहुंची। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज कुमार दुबे बताया। इसके बाद विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 30 ग्राम ब्राउन शुगर, एक iPhone मोबाइल, 5,320 रुपये नकद और बिना पंजीयन संख्या की ग्रे रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 262/2026, दिनांक 19 नवंबर 2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21(बी)/22(ए) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हिरणपुर और पाकुड़िया समेत विभिन्न थानों में NDPS एक्ट, चोरी, BNS और आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल पांच मामले दर्ज हैं। इनमें हिरणपुर थाना कांड संख्या 40/26, 99/22 और 09/25 तथा पाकुड़िया थाना कांड संख्या 50/24 और 51/24 शामिल हैं। छापेमारी दल में एसडीपीओ कुमार गौरव, अंचल निरीक्षक तनुजा पुजहर, नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू, पुलिस अवर निरीक्षक कन्हैया कुमार यादव, रवि शर्मा, सन्नी सुप्रभात, अभिषेक कुमार सहित नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि ऑपरेशन जीवन के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
पांच पुराने मामलों में भी नाम
ऑपरेशन जीवन के तहत जारी रहेगा अभियान














