पाकुड़:  जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने परेड टुकड़ियों का निरीक्षण करने के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उपायुक्त ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी साझा की और आगामी कार्यों की रूपरेखा भी रखी। उपायुक्त ने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए आम लोगों से सकारात्मक सहयोग की अपील की।

वहीं, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने पुलिस केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके अलावा व्यवहार न्यायालय, समाहरणालय, जिला परिषद कार्यालय सहित जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में भी तिरंगा शान से फहराया गया।

विद्यालयों, पंचायत मुख्यालयों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से पूरा जिला गूंज उठा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।