जामताड़ा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी समाज कल्याण समिति, जामताड़ा के तत्वावधान में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 13 अगस्त को स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए प्रश्नमंच और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में सेंट एंथोनी स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल, एडवर्ड इंग्लिश स्कूल और अनुसूचित जाति-जनजाति स्कूल दुलाडीह समेत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

चित्रकला प्रतियोगिता सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक, जबकि क्विज प्रतियोगिता 10:30 से 11:30 बजे तक आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और सामान्य ज्ञान का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

बच्चों की प्रतिभा को निखारना जरूरी

कार्यक्रम में समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें देशभक्ति की भावना विकसित करने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का लगातार आयोजन जरूरी है।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 9:45 बजे समाज कल्याण समिति परिसर में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे कार्यालय प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।

देशभक्ति गीतों पर होगी सांस्कृतिक प्रस्तुति

सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों पर नृत्य, समूह नृत्य और एकल प्रस्तुतियां देंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जाएगा।

वीरेंद्र मंडल ने जामताड़ावासियों और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने की अपील की।