गुमला ओबीसी अधिकारों को लेकर केंद्रीय पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति ने निकाला मशाल जुलूस
गुमला : केंद्रीय पिछड़ा वर्ग
संघर्ष समिति, झारखंड
के आह्वान पर ओबीसी अधिकारों और विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार की शाम गुमला जिला
मुख्यालय में मशाल जुलूस और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में
लोग मशाल लेकर सड़क पर उतरे और ओबीसी समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर
आवाज बुलंद की। समिति का कहना है कि
झारखंड में पिछड़ा वर्ग (OBC) को
नौकरी में आरक्षण, राजनीति
में भागीदारी और पेसा कानून से जुड़े अधिकार समेत विभिन्न मुद्दों पर अपेक्षित
अधिकार नहीं मिल रहे हैं। समिति ने वर्तमान जनगणना में OBC
के लिए अलग कॉलम
शामिल करने और पिछड़ा वर्ग को उसके संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित करने की
मांग उठाई। बैनर के माध्यम से
समिति ने बताया कि इन मांगों को लेकर सिमडेगा, गुमला, खूंटी, रांची और लोहरदगा सहित पांच जिलों में
चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलन के तहत 5 अक्टूबर 2026 को जिला मुख्यालय में मशाल जुलूस और पुतला दहन किया गया। वहीं 6 अक्टूबर को दुकानें बंद रखने के साथ चक्का जाम
का आह्वान किया गया है। इसके बाद 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालय में सांकेतिक धरना
दिया जाएगा। धरने के बाद उपायुक्त (DC) के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपने की बात
समिति की ओर से कही गई है। समिति ने लोगों से
आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखते हुए आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की
है। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ओबीसी अधिकारों, आरक्षण और सामाजिक भागीदारी से जुड़े
मुद्दों को लेकर नारेबाजी भी की।6 अक्टूबर को दुकान बंद और चक्का जाम का आह्वान














