अमड़ापाड़ा : पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद लूट की घटना का पुलिस ने महज 10 दिनों के भीतर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त बताए जा रहे तीन अपराधकर्मियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने मानवीय, वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए लूटकांड में शामिल आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मामले के उद्भेदन में सफलता मिली।

इस उपलब्धि को लेकर समाहरणालय सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने संयुक्त रूप से विशेष छापेमारी दल में शामिल 33 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार, हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार समेत विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने विशेष टीम की तत्परता, समन्वय और तकनीकी जांच के जरिए कम समय में मामले का खुलासा करने की सराहना की। इस कार्रवाई से पुलिस की अपराध नियंत्रण एवं त्वरित अनुसंधान क्षमता को भी मजबूती मिली है।