धनबाद : निरसा थाना क्षेत्र के चापापुर OCP इलाके में रविवार को CISF जवानों और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के बाद तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और स्थिति को लेकर आक्रोश जताया।

आरोप है कि चापापुर OCP के पास लकड़ी चुनने जा रही एक महिला को कोयला चोर बताकर CISF जवानों ने उसके साथ मारपीट की। महिला के साथ मारपीट की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों और CISF जवानों के बीच विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों पर CISF वाहनों में तोड़फोड़ करने और जवानों से भिड़ने का भी आरोप है।

फायरिंग के आरोप के बाद बढ़ा तनाव

स्थिति बिगड़ने के बाद CISF जवानों द्वारा फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। फायरिंग की खबर के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। हालांकि, फायरिंग में किसी के घायल होने या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

घटना के बाद सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे हुए हैं। ग्रामीण घायल महिला के समुचित इलाज और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

JMM नेता पहुंचे मौके पर

मामले की जानकारी मिलते ही JMM नेता प्रशांत हेंब्रम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जांच कराने और दोषी CISF जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल चापापुर OCP क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है।