सारठ: प्रखंड के आराजोरी पंचायत अंतर्गत रोहनिया चक गांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान के मलबे में दबकर दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि कामदेव महतो का कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था। इसी दौरान अचानक मकान ढह गया। घटना के समय मकान के अंदर मवेशी बंधे हुए थे, जिसके चलते सभी मलबे की चपेट में आ गए।

मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर मवेशियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो मवेशियों की मौत हो चुकी थी। वहीं, चार अन्य मवेशी घायल पाए गए।

इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हादसे के बाद कामदेव महतो ने सारठ प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को लिखित आवेदन देकर आपदा राहत कोष के तहत सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान के ढहने से ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई कच्चे मकान बारिश के कारण कमजोर हो गए हैं, जिससे आगे भी ऐसी घटनाओं की आशंका बनी हुई है।

अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को कितनी जल्द राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाता है।