जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

शिक्षक के वेतन भुगतान मामले पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान शिक्षकों के वेतन भुगतान से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान एक शिक्षक के वेतन भुगतान और कुटुंब न्यायालय द्वारा उनकी पत्नी को वेतन के कुछ हिस्से का भुगतान किए जाने संबंधी न्यायादेश पर भी चर्चा हुई।

मामले की समीक्षा करते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को विभाग से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने का निर्देश दिया, ताकि न्यायालय के आदेश और विभागीय नियमों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जा सके।

सहायक आचार्य नियुक्ति की भी हुई समीक्षा

बैठक में सहायक आचार्य की नियुक्ति से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रमाण पत्र में पाई गई विसंगतियों और अन्य अड़चनों को देखते हुए उपायुक्त ने नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नियुक्ति से संबंधित मामलों में नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों की आवश्यक जांच के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।

लंबित मामलों का समय पर निष्पादन करने का निर्देश

बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने और आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, एपीओ समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।