जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आईटीडीए एवं कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इन योजनाओं की हुई समीक्षा

समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति वितरण, वित्तीय वर्ष 2026-27 में निःशुल्क साइकिल वितरण, अल्पसंख्यक कब्रिस्तान, जाहेरस्थान, आदिवासी संस्कृति एवं कला केंद्र और धुमकुड़िया हाउस निर्माण की प्रगति पर चर्चा की गई।

इसके अलावा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना समेत अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति और कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर

उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि लाभुक समितियों, एजेंसियों और वेंडरों के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों की लगातार निगरानी की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण और विकास कार्य स्वीकृत एस्टीमेट के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया।

रोजगार सृजन योजना के लाभुकों को EMI के लिए जागरूक करने का निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के लाभुकों को EMI भुगतान के संबंध में जागरूक करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि लाभुकों को समय पर किस्त का भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि योजना का उद्देश्य प्रभावी तरीके से पूरा हो सके।

वहीं, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के पात्र बच्चों को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए जागरूक करने का भी निर्देश दिया गया, जिससे कोई भी योग्य विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में डीडीसी असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज समेत कल्याण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।