गुमला: आगामी त्योहारों को देखते हुए गुमला शहरी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ जांच अभियान चलाया। संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त, झारखंड सरकार, उपायुक्त गुमला और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर और आशा राज ने किया।
जांच अभियान के दौरान लोहरदगा रोड स्थित ‘फन एंड फूड’ से लड्डू तथा ‘गुरमीत ट्रेडर्स’ से सूजी और बेसन के सैंपल लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम (रांची) भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किराना दुकानों और होटल-रेस्टोरेंटों का भी निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुमला शहर के कई किराना दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंटों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के खाद्य लाइसेंस, साफ-सफाई, एक्सपायरी डेट, वॉटर टेस्ट रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट की जांच की गई।
अधिकारियों ने दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा उपभोक्ताओं को केवल शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मिलावट की आशंका पर शिकायत करने की अपील
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या असुरक्षित सामग्री की आशंका हो तो इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग, गुमला को दें। इसके अलावा Food Safety Connect App के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की जा सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलने पर संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों और कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की प्रासंगिक धाराओं के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।














