मैथन डैम में बड़ा हादसा टला डूबती नाव से एक दर्जन पर्यटकों की बची जान
मैथन
डैम में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब
पर्यटकों से भरी एक नाव पानी के भीतर मौजूद पत्थर से टकराकर डूबने लगी। समय रहते
स्पीड बोट चालक की सतर्कता से नाव पर सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया
गया। जानकारी के अनुसार
मजूमदार निवास से सबुज दीप की ओर जा रही एक नाव अचानक डैम में
उभरे पत्थर से टकरा गई। टक्कर के कारण नाव का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और
उसमें तेजी से पानी भरने लगा। कुछ ही देर में नाव डूबने की स्थिति में पहुंच गई जिससे सवार पर्यटकों में अफरा-तफरी मच
गई। इसी दौरान बाबू बोट घाट के स्पीड बोट
चालक ताजुद्दीन की नजर डूबती नाव पर
पड़ी। उन्होंने तत्काल अपनी बोट को घटनास्थल की ओर मोड़ा और नाव पर सवार करीब एक
दर्जन पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक की
तत्परता और साहस के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय नाविकों के अनुसार मैथन डैम में पिछले कुछ दिनों
से जलस्तर लगातार घट रहा है। पानी कम होने के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पत्थर
और चट्टानें उभर आई हैं जो
नौकायन के लिए खतरा बन गई हैं। नाविकों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील
स्थानों पर चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से
बचा जा सके। हादसे के बाद सुरक्षित निकाले गए
पर्यटकों ने राहत की सांस ली और चालक ताजुद्दीन की बहादुरी एवं सूझबूझ की सराहना
की। घटना के बाद डैम क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।पत्थर से टकराई नाव मची अफरा-तफरी
स्पीड बोट चालक ने
दिखाई सूझबूझ
घटते जलस्तर से बढ़ा
खतरा
पर्यटकों ने जताया
आभार















