मधुपुर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मधुपुर शहर के गांधी चौक पर शनिवार सुबह देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने सुबह करीब साढ़े सात बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण से पहले मंत्री हफीजुल हसन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद पुलिस जवानों ने अनुशासित तरीके से परेड करते हुए राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान गांधी चौक देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत नजर आया।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद, अंचलाधिकारी यामुन रविदास, बीडीओ अजय कुमार दास और मधुपुर थाना सह इंस्पेक्टर इंचार्ज राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।