लातेहार में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई, सिकनी कोलियरी के पास चार अवैध खदानें ध्वस्त
लातेहार: जिले में कोयले के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई की है। जिला खनन पदाधिकारी (DMO) नदीम सैफी और चंदवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सिकनी कोलियरी के पास अवैध कोयला खनन के लिए बनाई गई चार सुरंगनुमा खदानों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार, डीएमओ को सिकनी कोलियरी के आसपास सुरंग बनाकर अवैध तरीके से कोयला खनन किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद खनन विभाग और चंदवा पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन के लिए बनाई गई चार खदानों को ध्वस्त किया गया। खनन विभाग के अनुसार, अवैध कोयला खनन में संलिप्त लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिला खनन पदाधिकारी नदीम सैफी ने कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। खनन विभाग और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध कोयला खनन और परिवहन में शामिल लोगों के बीच हड़कंप है।गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही
डीएमओ ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी














