रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में सीसीएल बरका-सयाल क्षेत्र के नए महाप्रबंधक (जीएम) के रूप में कन्हैया शंकर गैवाल ने पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र में कोयला उत्पादन, मौजूदा परिस्थितियों और विभिन्न परियोजनाओं के कामकाज की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

परियोजनाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता

मीडिया से बातचीत करते हुए जीएम कन्हैया शंकर गैवाल ने कहा कि बरका-सयाल क्षेत्र के अंतर्गत संचालित सीसीएल परियोजनाओं की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समुचित विकास करना और अधिक से अधिक कोयला उत्पादन कर सीसीएल की ओर से निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

मजदूरों और यूनियनों को साथ लेकर काम करने पर जोर

नए जीएम ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करने के लिए कोयला मजदूरों, यूनियन प्रतिनिधियों, मीडिया और ठेकेदारों को विश्वास में लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने अनुशासन और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी के सहयोग से बेहतर कार्य करने की बात कही।

विभिन्न यूनियन प्रतिनिधियों ने की मुलाकात

पदभार ग्रहण करने के बाद नए जीएम से मुलाकात करने के लिए विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि पहुंचे। इस अवसर पर समाजसेवी सह व्यवसायी गजानंद उर्फ गज्जू साव ने बुके देकर उनका स्वागत किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।