ढुल्लू महतो के समर्थन में उतरे खटाल महासभा के कार्यकर्ता, जयराम महतो के खिलाफ की नारेबाजी
धनबाद: डुमरी विधायक जयराम महतो के बयानों को लेकर धनबाद में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ लगातार बयानबाजी और बाहरी-भीतरी के मुद्दे पर टिप्पणी से नाराज उनके समर्थकों ने बुधवार को रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन किया। खटाल महासभा युवा मोर्चा के बैनर तले जुटे कार्यकर्ताओं ने जयराम महतो का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप था कि धनबाद में यादव समाज एक सदी से भी अधिक समय से रह रहा है। उनके मुताबिक, पूर्व में जिला प्रशासन की ओर से ही इस समाज के लोगों को यहां बसाया गया था। ऐसे में बाहरी-भीतरी का मुद्दा उठाकर समाज को निशाना बनाना उचित नहीं है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सांसद ढुल्लू महतो खटालों को बचाने के लिए पहल कर रहे हैं, लेकिन डुमरी विधायक जयराम महतो इस मामले में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विधायक सांसद के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसे वे अशोभनीय मानते हैं। खटाल महासभा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि खटालवासियों के मुद्दे पर बाहरी-भीतरी की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जयराम महतो के बयानों पर आपत्ति जताते हुए विरोध जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान भाजपा युवा नेता मुकेश यादव समेत खटाल महासभा युवा मोर्चा के समर्थक मौजूद रहे।जयराम महतो के बयानों पर जताई नाराजगी
खटाल बचाने की पहल को लेकर सांसद का समर्थन
विरोध जारी रखने की चेतावनी














