हजारीबाग:  केरेडारी एनटीपीसी केरेडारी माइंस के एमडीओ BGR माइंस परिसर में मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस INTUC के प्रतिनिधियों और BGR प्रबंधन के बीच उच्चस्तरीय वार्ता आयोजित की गई। बैठक में मजदूरों के वेतन वृद्धि, स्किल अपग्रेडेशन और हाई पावर कमेटी (HPC) की सिफारिशों को लागू करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।प्रबंधन की ओर से बैठक में एचआर प्रमुख श्रीनिवास राव मौजूद रहे। वहीं INTUC एवं कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सुरजीत नागवाला, प्रदेश प्रवक्ता INTUC सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव, धीरज सिंह, प्रदेश सचिव INTUC, परमेश्वर कुमार, BGR यूनिट अध्यक्ष और मनोज नारायण भगत, जिला प्रवक्ता कांग्रेस ने किया।वार्ता के दौरान मजदूरों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। INTUC के प्रदेश प्रवक्ता सुरजीत नागवाला ने कहा कि मजदूरों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि मजदूरों की जायज मांगों को पूरा करना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और यूनियन मजदूरों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। वहीं कांग्रेस जिला प्रवक्ता मनोज नारायण भगत ने भी प्रबंधन से मजदूरों के कल्याण और उनके अधिकारों को लेकर विशेष पहल करने की मांग की।

वेतन और HPC की सिफारिशों पर चर्चा

बैठक में मजदूरों को नियमानुसार HPC दर के अनुरूप वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन प्रतिनिधियों ने मांग की कि मजदूरों को उनकी पात्रता के अनुसार उचित वेतन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।स्किल अपग्रेडेशन पर बनी सहमतिवार्ता के दौरान मजदूरों की कार्यकुशलता बढ़ाने और भविष्य में पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने के लिए नियमित प्रशिक्षण और स्किल अपग्रेडेशन पर भी चर्चा की गई। इस दिशा में आवश्यक पहल करने पर सहमति बनी।

प्रबंधन ने सकारात्मक समाधान का दिया आश्वासन

BGR प्रबंधन की ओर से उपस्थित एचआर प्रोजेक्ट प्रमुख श्रीनिवास राव ने मजदूर प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रबंधन मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर विचार करते हुए जल्द सकारात्मक समाधान निकालने और उनके हित में आवश्यक कदम उठाने का प्रयास करेगा।बैठक में सुनील कुमार, तथागत विजित, रॉकी सिन्हा, मंटू सिंह, रामधारी यादव, जितेंद्र गोस्वामी, संदीप सिंह, प्रमोद सिंह, मणिलाल वर्मा, संतोष गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, दिलीप यादव, पंकज पासवान, मनोज कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।इसके अलावा केरेडारी INTUC से अमरजीत कुमार, अनिल कुमार, बिनय कुमार, महेश प्रजापति, रविंद्र कुमार, दिलेश्वर कुमार, प्रदीप कुमार, नारायण कुमार और दिनेश कुमार समेत सैकड़ों मजदूर एवं यूनियन प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया।वार्ता के बाद मजदूरों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर सहमति और प्रबंधन के सकारात्मक आश्वासन से श्रमिकों में उम्मीद जगी है। यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि मजदूरों के अधिकार और हितों की रक्षा के लिए उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।