जामताड़ा, 26 अगस्त। होटल अवध में बुधवार को जामताड़ा जिला कबड्डी संघ की सामान्य निकाय बैठक सह निर्वाचन का आयोजन किया गया। बैठक में वर्ष 2026 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए संघ की नई कार्यकारिणी समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया संघ के संविधान एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।

नई कार्यकारिणी में डॉ. डी. डी. भंडारी को मुख्य संरक्षक, संजय परशुरामका को चेयरमैन, मीरा मिश्रा को अध्यक्ष, सलिल कुमार को कार्यकारी अध्यक्ष, डॉ. चंचल भंडारी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा करन कुमार राउत को सचिव चुना गया।

वहीं रामदास दयानंद, अनीश रंजन, निपेन कुमार (सचिन) एवं उज्ज्वल सिंह आजाद को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। दीपक रजक, आबिद अंसारी, प्रीति सामंता एवं प्रियांशु डालमिया को संयुक्त सचिव बनाया गया, जबकि शुभम सोलंकी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में अभिषेक दुबे, बिनोद प्रसाद, झूलन सिंह, तनु शर्मा, हरि सोनकर, संदीप पांडे, नवीन सिंह एवं आकाश साव का चयन किया गया।

बैठक में कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से पर्यवेक्षक जयंत सिंह एवं गोपाल ठाकुर तथा जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ की ओर से पर्यवेक्षक विवेक रजक उपस्थित रहे। पर्यवेक्षकों ने निर्वाचन प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए इसे स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बताया और नवनिर्वाचित समिति के निर्वाचन को प्रमाणित किया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने जामताड़ा जिले में कबड्डी खेल के विकास को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। समिति ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों से नई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने पर जोर दिया। साथ ही जिले में कबड्डी को मजबूत आधार देने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल वातावरण तैयार करने का निर्णय लिया गया।

कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन विपिन कुमार सिंह ने नवनिर्वाचित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन से जामताड़ा जिले में कबड्डी खेल को नई दिशा मिलेगी और जिले के खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर मंच और अवसर प्राप्त होंगे।