रांची:  डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ दर्ज बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में कार्रवाई की मांग को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। पुलिस एसोसिएशन ने सरकार और पुलिस मुख्यालय के सामने अपनी मांग रखने के लिए चार चरणों में राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। आंदोलन की शुरुआत 8 सितंबर से होगी और इसका सबसे बड़ा असर अक्टूबर में देखने को मिलेगा।

एसोसिएशन के कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण में पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान वर्दी पर काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद सामूहिक उपवास और धरना दिया जाएगा। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन का अंतिम चरण 5 से 10 अक्टूबर तक छह दिनों के सामूहिक अवकाश के रूप में होगा।

8 सितंबर से काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी

आंदोलन के पहले चरण की शुरुआत 8 सितंबर से होगी। यह चरण 8 से 11 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान राज्यभर के पुलिसकर्मी वर्दी पर काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करेंगे। एसोसिएशन का कहना है कि यह विरोध पुलिसकर्मियों की मांगों और संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर किया जा रहा है।

19 सितंबर को सामूहिक उपवास, पुलिस मेस भी रहेगा बंद

आंदोलन के दूसरे चरण में 19 सितंबर को राज्यभर में पुलिसकर्मी सामूहिक उपवास करेंगे। इस दौरान पुलिस केंद्र, थाना और ओपी स्तर पर मेस बंद रखने का भी निर्णय लिया गया है। एसोसिएशन ने इस चरण के जरिए अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की रणनीति बनाई है।

24 सितंबर को एसपी और कमांडेंट कार्यालय के बाहर धरना

तीसरे चरण में 24 सितंबर को जिला और इकाई स्तर पर धरना दिया जाएगा। पुलिसकर्मी संबंधित जिलों में पुलिस अधीक्षक या समादेष्टा कार्यालय के सामने धरना देंगे। वहीं, महासंघ के पदाधिकारी डीजीपी कार्यालय के समक्ष धरना देंगे। इस चरण के जरिए पुलिस एसोसिएशन अपनी मांगों को सीधे पुलिस मुख्यालय तक पहुंचाने की तैयारी में है।

5 से 10 अक्टूबर तक सामूहिक अवकाश, बढ़ेगी सरकार की चिंता

आंदोलन का सबसे महत्वपूर्ण और अंतिम चरण 5 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान पुलिसकर्मियों के छह दिनों के सामूहिक अवकाश का ऐलान किया गया है। चार चरणों में प्रस्तावित इस आंदोलन का अंतिम चरण सबसे बड़ा माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर होगी कि आंदोलन शुरू होने से पहले सरकार या पुलिस मुख्यालय की ओर से मामले को लेकर कोई पहल की जाती है या नहीं।

जयराम महतो प्रकरण में बढ़ता टकराव

डुमरी विधायक जयराम महतो को लेकर पुलिस एसोसिएशन और उनके बीच विवाद पहले से चर्चा में है। अब एसोसिएशन द्वारा चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा के बाद यह मामला और गरमा गया है। आंदोलन के ऐलान से साफ है कि पुलिस एसोसिएशन इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है। वहीं, आने वाले दिनों में सरकार और पुलिस मुख्यालय की प्रतिक्रिया इस पूरे विवाद की दिशा तय कर सकती है।

स्पेशल रेपोर्ट्स