पाकुड़ में SIR-2026 के तहत मतदाता दस्तावेजों की जांच, 193 मामलों की हुई समीक्षा
पाकुड़: निर्वाचन आयोग के
निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष
गहन पुनरीक्षण (SIR-2026)
के तहत प्रशासनिक गतिविधियां तेज कर दी
गई हैं। जारी नोटिसों के आलोक में मतदाताओं की उपस्थिति में उनके दस्तावेजों के
सत्यापन और दावों की जांच की जा रही है। इसी
क्रम में मंगलवार को शहर के कोल
पंचायत भवन में मतदान केंद्र संख्या 272 से 275 से संबंधित मामलों को लेकर विशेष सुनवाई आयोजित की गई। सुनवाई
के दौरान नोटिस प्राप्त मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए दावों और दस्तावेजों का
मिलान एवं सत्यापन किया गया। जिला
आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक
सिंह ने बताया कि एसआईआर के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं
के दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है। प्रस्तुत कागजातों और प्रमाण-पत्रों
का नियमों के अनुरूप सत्यापन करने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन
के अनुसार, इस अभियान के तहत अब
तक करीब 193 लोगों के दस्तावेजों
की जांच कर उनकी वैधता की समीक्षा की गई है। संबंधित मतदाता निर्धारित
केंद्रों पर आवश्यक कागजात और प्रमाण-पत्र लेकर पहुंच रहे हैं, जहां अधिकारियों की मौजूदगी में
दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रशासनिक
अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके और निर्वाचन नियमों के अनुरूप संचालित
किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि को दूर
कर उसे अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। विशेष
सुनवाई के दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का परीक्षण
किया और संबंधित मामलों में नियमानुसार प्रक्रिया आगे बढ़ाई। जिला आपूर्ति
पदाधिकारी अभिषेक सिंह ने एसआईआर-2026 के तहत चल रही जांच प्रक्रिया को लेकर विस्तृत जानकारी दी।















