चासनाला कोलियरी में महिला की मौत के बाद हंगामा, काटाघर जाम कर जताया विरोध
धनबाद। सेल चासनाला कोलियरी में एक महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। भोजूडीह निवासी हेमोला देवी, पति स्वर्गीय पानू बाउरी, ट्रक पर स्लरी लोड कराने के लिए चासनाला कोलियरी पहुंची थीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हेमोला देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश फैल गया। मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर लोगों ने कोलियरी के काटाघर को जाम कर दिया। इससे वहां कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बनी। इस दौरान साजन सिंह, अजीत मातो समेत समाज के अन्य लोगों ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने सेल प्रबंधन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और आश्रितों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए, ताकि इस मुश्किल समय में उनके आश्रितों को सहारा मिल सके। अब सबकी नजर सेल प्रबंधन के रुख पर टिकी है कि वह पीड़ित परिवार की मदद के लिए क्या कदम उठाता है। फिलहाल महिला की मौत के कारणों और मुआवजे को लेकर सेल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।














