रामगढ़। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ रामगढ़ जिले के पतरातू पर्यटन विहार स्थित लेक रिसॉर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अवर निरीक्षक विपिन रजक की बेटी हर्षा के विवाह समारोह में शामिल होकर वर-वधू को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रामगढ़ पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के बीच मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन विवाह समारोह में शामिल हुए।

समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने पतरातू डैम और लेक रिसॉर्ट की प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद लिया। पतरातू की हसीन वादियों और पर्यटन स्थल की खूबसूरती के बीच मुख्यमंत्री का यह निजी दौरा चर्चा का विषय रहा।