गोड्डा लोकसभा में 7 निःशुल्क नमो एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत सांसद निशिकांत दुबे ने दी सौगात
गोड्डा लोकसभा
क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक माना जा रहा है जहां सांसद
निशिकांत दुबे ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए 7 निःशुल्क नमो एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की। यह एम्बुलेंस लोकसभा अंतर्गत
सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनता की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगी और पूरी तरह
निशुल्क होंगी। कार्यक्रम के
दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में
गोड्डा लोकसभा को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन मिले हैं और यह क्षेत्र
राज्य में सबसे अधिक लाभान्वित क्षेत्रों में से एक है। उन्होंने बताया कि नई
एम्बुलेंस सेवा का उद्देश्य आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है ताकि
ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके। सांसद ने कहा
कि ये सभी एम्बुलेंस अत्याधुनिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस हैं। इनके संचालन और
रखरखाव की जिम्मेदारी एक बड़ी एम्बुलेंस मेंटेनेंस कंपनी को दी गई है ताकि सेवा में
किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में दी गई एम्बुलेंसें
कई बार रखरखाव के अभाव में प्रभावी रूप से काम नहीं कर पाती थीं जिसे ध्यान में
रखते हुए यह नई व्यवस्था की गई है। इन एम्बुलेंसों
की बुकिंग के लिए टोल-फ्री नंबर की सुविधा दी गई है जिसके माध्यम
से कोई भी नागरिक आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क सेवा प्राप्त कर सकता है। खास बात यह
है कि एम्बुलेंस संचालन में स्थानीय कर्मियों को प्राथमिकता दी गई है जिससे लोकेशन
और प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा। सांसद ने दावा
किया कि तकनीक आधारित मैपिंग सिस्टम के जरिए एम्बुलेंस को कम समय में घटनास्थल या
मरीज तक पहुंचाया जा सकेगा जिससे आपातकालीन सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी। यह पहल गोड्डा
लोकसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
मानी जा रही है।














