गिरिडीह दोहरे हत्याकांड में जयराम महतो की एंट्री, परिजनों से मिले; वासुदेव मंडल की गिरफ्तारी की मांग
गिरिडीह: पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या के बाद ग्रामीणों का विरोध लगातार जारी है। इसी बीच सोमवार को डुमरी विधायक सह जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम कुमार महतो रानीखावा पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। मृतकों के परिजनों से मुलाकात के दौरान विधायक जयराम महतो ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद डीएसपी-2 रूपेंद्र कुमार राणा से बातचीत कर हत्याकांड से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। विधायक ने आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह की जघन्य घटना को किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषी को कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इधर, हत्याकांड के बाद ग्रामीणों का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों ने अब तक दोनों शवों को उठाने नहीं दिया है। उनकी मांग है कि आरोपी वासुदेव मंडल को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। इसके साथ ही ग्रामीणों ने पचंबा थाना प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। विधायक जयराम महतो ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय की मांग को लेकर वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। गौरतलब है कि रानीखावा गांव में देर रात हुए इस दोहरे हत्याकांड में घर के सामने ही ससुर शुकर मंडल (55) और उनकी बहू शीला देवी की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से गांव में मातम के साथ-साथ भारी आक्रोश का माहौल है। फिलहाल आरोपी वासुदेव मंडल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध जारी है। दोनों शवों को उठाने नहीं दिए जाने के कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।परिजनों से मिले विधायक, डीएसपी से ली घटना की जानकारी
आरोपी की गिरफ्तारी तक शव उठाने देने से ग्रामीणों का इनकार
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा
टांगी से हमला कर ससुर और बहू की हुई थी हत्या














