‘डाक पार्सल’ लिखी पिकअप में शराब की खेप, धावा-चापुड़िया के बीच पलटी गाड़ी, चालक समेत सभी सवार फरार
जामताड़ा: गोबिंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर सीमावर्ती खागा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात शराब की बोतलों से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा धावा और चापुड़िया के बीच हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन में रखी बड़ी संख्या में शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। घटना के बाद चालक समेत वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान सड़क पर बिखरी कुछ शराब की बोतलों को लोगों द्वारा उठाकर ले जाने की भी चर्चा है। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ था। वहीं, वाहन में रखी शराब की बोतलों पर किसी तरह का लेबल नहीं लगा होने की बात सामने आई है। इससे शराब की खेप के परिवहन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का नंबर जेएच 10 सीएफ 2760 बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही खागा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस अब वाहन और उसमें बरामद शराब की बोतलों के संबंध में जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही वाहन के मालिक और चालक समेत अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पिकअप वैन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा होना और उसके अंदर बड़ी संख्या में बिना लेबल वाली शराब की बोतलें मिलना मामले को संदिग्ध बना रहा है। इसके अलावा हादसे के तुरंत बाद चालक और अन्य सवारों के फरार हो जाने से भी कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, बरामद शराब वैध है या अवैध, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की जांच और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही शराब की खेप की वास्तविक प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी।पिकअप पर लिखा था ‘डाक पार्सल’
पुलिस ने वाहन किया जब्त
बिना लेबल वाली शराब ने बढ़ाया संदेह















