हजारीबाग: चौपारण थाना क्षेत्र में अफीम की खरीद-फरोख्त और हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। हथिया बाबा मंदिर के पास छापेमारी के दौरान पुलिस और कथित अफीम तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि हथिया बाबा मंदिर के आसपास कुछ लोग हथियार के साथ अफीम की खरीद-फरोख्त में जुटे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को इलाके में छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी

पुलिस टीम को मौके पर पहुंचता देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दो लोगों को मौके से पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल की ओर भागने लगा।

पुलिस का दावा है कि भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग की। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।

घायल आरोपी रिम्स रेफर

घायल आरोपी की पहचान अजय सिंह, पिता निवासी चापी गांव, बाराचट्टी थाना, गया (बिहार) के रूप में हुई है। पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे तत्काल बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।

दो देसी पिस्टल, कारतूस और अफीम बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और अफीम बरामद करने का दावा किया है। हालांकि, बरामद अफीम की कुल मात्रा के संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

अफीम नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब अफीम और हथियार के इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।