धनबाद में निकाय चुनाव के मतगणना के दिन सिटी सेंटर इलाके में रंगदारी को लेकर दुकानदार से मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था जिसमें दुकानदार मंगल सिंह के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी।मारपीट की इस घटना में दुकानदार मंगल सिंह को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।पुलिस जांच में इस मामले में कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है जिनमें से एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रोशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी रोशन सिंह की सरेआम परेड कराई। पुलिस ने उसे सिटी सेंटर से मधुलिका होटल तक पैदल घुमाया, ताकि लोगों को यह संदेश दिया जा सके कि अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।धनबाद थाना प्रभारी ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यह स्पष्ट संदेश देना है कि कोई भी अपराधी कानून से बच नहीं सकता। पुलिस ने यह भी कहा कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।