देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र के ठाढ़ी गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जोरिया किनारे एक पेड़ से 36 वर्षीय युवक मोहन पंडित का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मृतक की पत्नी रीना देवी ने ठाढ़ी पंचायत के पूर्व मुखिया दिलीप भोक्ता पर हत्या दुष्कर्म के प्रयास और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।बताया जाता है कि आगामी 4 मार्च को होली के दिन मृतक की बेटी की शादी तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच बाल विवाह की शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच कर शादी पर रोक लगा दी थी। मृतक की पत्नी का आरोप है कि पूर्व मुखिया ने रांची मुख्यालय में गलत सूचना देकर शादी रुकवाई और परिवार को धमकी दी कि यदि शादी की कोशिश की गई तो पूरे परिवार को जेल भिजवा देंगे।परिजनों के अनुसार शनिवार को मोहन पंडित पालोजोरी के दुधानी स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे लेकिन वापस लौटने के क्रम में रविवार को उनका शव पेड़ से लटका हुआ मिला।मृतक की पत्नी रीना देवी ने आरोप लगाया कि पूर्व मुखिया दिलीप भोक्ता लंबे समय से उनके परिवार को प्रताड़ित कर रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले आरोपी ने उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी और विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। उनका कहना है कि उनके पति ने आत्महत्या नहीं की बल्कि साजिश के तहत उनकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है।घटना की सूचना मिलते ही चितरा थाना प्रभारी विकास पासवान और एसआई शीतला लाल बारला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है। घटनास्थल से मृतक की बाइक हेलमेट मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की गई है।सारठ एसडीपीओ रंजीत लकड़ा ने बताया कि महिला के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।वहीं आरोपी पूर्व मुखिया दिलीप भोक्ता ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश करार दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी।