धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों का GM डिम्पी गर्ग ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधा और माल परिवहन पर बैठक
हजारीबाग : पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग ने शनिवार को धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक पतरातू स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और संरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने स्टेशन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
NTPC अधिकारियों के साथ बैठक
पतरातू स्टेशन के निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक ने NTPC के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में रेलवे से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा NTPC पकड़ी बरवाडीह कोल माइनिंग प्रोजेक्ट के अधिकारियों के साथ माल परिवहन और कोयला लदान से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
महाप्रबंधक ने बानादाग साइडिंग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां माल लदान, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र समेत रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, महाप्रबंधक का निरीक्षण कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा।