चतरा: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 985 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से लावालौंग की ओर से पत्थलगड्डा की तरफ अफीम लेकर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 985 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र निवासी सुधीर ठाकुर (32 वर्ष) और सुरेश गंझू (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से अफीम के अलावा मोबाइल फोन और अपाची मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।