बोकारो: जिले के उपायुक्त अजय नाथ झा ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 22 मामले प्राप्त हुए।

जनता दरबार में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, बिजली, राशन कार्ड समेत अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लोगों ने उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए प्रशासन स्तर से मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए। साथ ही, की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए और संबंधित आवेदकों को उनके मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी दी जाए।

जनता दरबार के दौरान जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। इनमें उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, एडीएडीएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल थे।