पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है  जहां जन्म प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर एक व्यक्ति द्वारा पंचायत सचिव के पैर पकड़कर मदद की गुहार लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार  जामजोरी पंचायत निवासी दिनेश टुडू अपने भतीजे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पिछले तीन महीनों से लगातार पंचायत कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। इसके बावजूद काम नहीं होने से परेशान होकर वे पंचायत सचिव के पास पहुंचे और भावुक होकर उनके पैर पकड़ लिए।

वायरल वीडियो में दिनेश टुडू पंचायत सचिव से अनुरोध करते और गिड़गिड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से दौड़ने के बावजूद उन्हें जन्म प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहा था, जिससे वे बेहद परेशान थे।

यदि वीडियो में किए गए दावे सही पाए जाते हैं  तो यह मामला प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आम नागरिकों को बुनियादी दस्तावेजों के लिए इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े  इसके लिए संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।