जामताड़ा: बिंदापाथर थाना क्षेत्र के कुंजबोना अस्पताल के पास शनिवार को एक अशोक लेलैंड चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। वाहन का नंबर WB47C0798 बताया जा रहा है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, अशोक लेलैंड चारपहिया वाहन राजनगर की ओर से खेल सामग्री लेकर जा रहा था। इसी दौरान कुंजबोना अस्पताल से महज कुछ दूरी पहले वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि वाहन में खेल सामग्री काफी अधिक मात्रा में और ऊंचाई तक लदी हुई थी। हादसे के बाद वाहन में सामान लोड करने के तरीके को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सवाल यह भी है कि आखिर इतनी ऊंचाई तक सामान लदे चारपहिया वाहन का सड़क पर परिचालन किस तरह किया जा रहा था।

गनीमत रही कि वाहन पलटने के दौरान कोई राहगीर या दूसरा वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। अगर सड़क पर उस वक्त कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद होता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क पर सामान ढोने वाले वाहनों की लोडिंग और सुरक्षा मानकों की जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।